ग्राम ढौर से होगा शुभारंभ, पांचों मंडलों में पहुंचेगा पवित्र कलश; सांसद विजय बघेल समेत भाजपा के दिग्गज नेता होंगे शामिल
पाटन। संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज जी की 650वीं जयंती के अवसर पर भाजपा के समरसता संकल्प अभियान के तहत पाटन विधानसभा में आज 9 सितंबर को भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा का शुभारंभ ग्राम ढौर से होगा।
वाराणसी (काशी) से 11 हजार कलशों में मिट्टी पूजन के बाद छत्तीसगढ़ पहुंचे पवित्र कलश को रायपुर के राम मंदिर से पाटन विधानसभा के लिए लाया गया है। कलश यात्रा पाटन, दरबार मोखली, जामगांव आर, अमलेश्वर और कुम्हारी मंडल के विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण करेगी।
यात्रा में सांसद विजय बघेल, प्रदेश मंत्री जितेन्द्र वर्मा, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती कीर्ति नायक, पाटन नगर पंचायत अध्यक्ष योगेश निक्की भाले, अनुसूचित जाति जिला अध्यक्ष खेमलाल देशलहरा सहित भाजपा के जनप्रतिनिधि एवं पदाधिकारी शामिल होंगे।
यात्रा प्रभारी हरप्रसाद आडील ने पाटन विधानसभा के सभी पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर कलश यात्रा को सफल बनाने की अपील की है।



