18 अक्टूबर को दुर्गा अष्टमी हवन और 19 अक्टूबर को निकलेगी विसर्जन शोभायात्रा, प्रतिदिन शाम 8 बजे होगी माता रानी की आरती एवं माता सेवा
धनोरा (दुर्ग)। बाबा दरबार पावन धाम धनोरा में कुंवार नवरात्रि पर्व को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं। नवरात्रि महोत्सव के दौरान मंदिर परिसर में विधि-विधान से धार्मिक अनुष्ठान, कलश स्थापना, पंचमी श्रृंगार, दुर्गा अष्टमी हवन एवं विसर्जन शोभायात्रा सहित विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
दरबार के श्री लक्ष्मण बाबा जी ने जानकारी देते हुए बताया कि महोत्सव का शुभारंभ 11 अक्टूबर, रविवार को सुबह 11 बजे कलश स्थापना के साथ होगा। कलश स्थापना का पूजन श्री पंडित विनय शर्मा द्वारा संपन्न कराया जाएगा। 15 अक्टूबर, गुरुवार को पंचमी के अवसर पर माता रानी का विशेष श्रृंगार किया जाएगा।
इसी क्रम में 18 अक्टूबर, रविवार को शाम 4 बजे से दुर्गा अष्टमी हवन का आयोजन होगा। वहीं, 19 अक्टूबर, सोमवार को शाम 4 बजे से माता रानी की विसर्जन शोभायात्रा निकाली जाएगी।
नवरात्रि के दौरान प्रतिदिन शाम 8 बजे माता रानी की भव्य आरती की जाएगी। इसके पश्चात गुलाब साहू एवं हेमंत साहू की मंडली द्वारा माता सेवा की प्रस्तुति दी जाएगी। श्रद्धालुओं के लिए प्रतिदिन सुबह एवं शाम माता रानी की आरती के पश्चात प्रसाद वितरण की व्यवस्था भी रहेगी।
ज्योति प्रज्वलित कराने के लिए श्रद्धालु करा सकते हैं पंजीयन
नवरात्रि पर्व के अवसर पर बाबा दरबार पावन धाम में माता रानी के दरबार में ज्योति प्रज्वलित कराने के इच्छुक श्रद्धालु गुलाब किराना स्टोर, धनोरा में संपर्क कर अपना स्थान सुरक्षित करा सकते हैं। ज्योति प्रज्वलन हेतु शुल्क 751 रुपये निर्धारित किया गया है।
दरबार के श्री लक्ष्मण बाबा जी ने समस्त श्रद्धालुओं एवं धर्मप्रेमी नागरिकों से नवरात्रि महोत्सव में शामिल होकर माता रानी का आशीर्वाद प्राप्त करने तथा धार्मिक आयोजनों में सहभागिता निभाने की अपील की है।



