जोरातराई के बाबा रेस्टोरेंट में वारदात से मची अफरा-तफरी, आरोपी युवक फरार हुआ; पुलिस ने पकड़कर शुरू की पूछताछ, सेक्टर-9 अस्पताल में हुई गले की सर्जरी
उतई। उतई थाना क्षेत्र के जोरातराई स्थित बाबा रेस्टोरेंट में शनिवार सुबह करीब 8 बजे उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब रेस्टोरेंट में बैठकर चाय पी रहे भाजपा नेता राजेंद्र सिंह यादव (53) पर एक युवक ने चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में उनके गले पर गंभीर चोट आई है।
जानकारी के अनुसार, नगर पालिक निगम रिसाली के वार्ड क्रमांक 37 जोरातराई निवासी राजेंद्र सिंह यादव बाबा रेस्टोरेंट में चाय पी रहे थे। इसी दौरान स्थानीय निवासी कुरपा बाग वहां पहुंचा और अचानक चाकू से उन पर हमला कर दिया। आरोप है कि युवक ने जान से मारने की नीयत से उनके गले पर कई वार किए और मौके से फरार हो गया।
घटना के बाद घायल राजेंद्र सिंह यादव को तत्काल उपचार के लिए सेक्टर-9 अस्पताल, भिलाई ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनके गले की सर्जरी की। घटना की सूचना मिलते ही उतई पुलिस सक्रिय हुई और आरोपी को पकड़ लिया। पुलिस मामले में पूछताछ एवं आगे की कार्रवाई कर रही है।
दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद जोरातराई क्षेत्र में हड़कंप मच गया। हमले के पीछे की वास्तविक वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
घायल का बयान
राजेंद्र सिंह यादव ने बताया कि आरोपी से उनकी चार-पांच साल से जान-पहचान थी, लेकिन काफी समय से बातचीत बंद थी। अचानक आरोपी ने उन पर चाकू से जानलेवा हमला क्यों किया, इसकी वजह वही बता सकता है।



