पाटन। पाटन विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत जामगांव एम से महुदा को जोड़ने वाला नहर सड़क काफ़ी जर्जर हो गया है। स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों के लिए यह रास्ता अब सड़क कम और गाँव का तालाब ज़्यादा नजर आने लगा है। सड़क की स्थिति इतनी जर्जर हो चुकी है कि पूरे सड़क पर अनगिनत और गहरे गड्ढे बन गए हैं। राहगीरों का कहना है कि गड्ढों की गिनती करते-करते लोग थक जायेंगे, लेकिन गड्ढे खत्म होने का नाम नहीं लेते।
कई स्थानों पर तो इतने बड़े और गहरे गड्ढे हैं कि दुपहिया और चारपहिया वाहनों का निकलना किसी बड़े खतरे से खाली नहीं है ।बारिश और जलभराव के कारण इन गड्ढों में पानी भरा है, जिससे सड़क की गहराई का अंदाज़ा लगाना मुश्किल हो जाता है। इस वजह से सड़क पर हर वक्त छोटी-बड़ी दुर्घटनाएं होने की आशंका बनी रहती है।
सबसे ज्यादा लोगो में आक्रोश इस बात को लेकर है कि संबंधित विभाग और ज़िम्मेदार अधिकारी आंखें मूंदे बैठे हैं। प्रशासन की इस बेरुखी का खामियाजा रोजाना इस मार्ग से सफर करने वाले ग्रामीणों, बच्चों और राहगीरों को अपनी जान जोखिम में डालकर गुज़रना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने जल्द से जल्द सड़क की मरम्मत कराने और इस गंभीर समस्या से राहत दिलाने की मांग की है, ताकि किसी बड़ी अनहोनी को रोका जा सके।



