रायगढ़ में महानदी का जलस्तर बढ़ने से पुसौर तहसील के कई इलाके बाढ़ की चपेट में हैं। वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक श्री ओ.पी. चौधरी ने पड़ीगांव और सूरजगढ़-नवापाली पहुंचकर बाढ़ प्रभावित ग्रामीणों से मुलाकात की। उन्होंने किसानों, मछुआरों और ग्रामीणों से सीधे चर्चा कर बाढ़ से हुए नुकसान की जानकारी ली। किसानों की खराब हुई फसल और बाढ़ में नाव बह जाने से प्रभावित मछुआरों की समस्याओं को भी गंभीरता से सुना।
वित्त मंत्री ने अधिकारियों को प्रभावितों को नियमानुसार मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया तेजी से पूरी करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य शिविर लगाने और सर्पदंश की आशंका को देखते हुए पर्याप्त मात्रा में एंटी-स्नेक वेनम उपलब्ध रखने के निर्देश दिए। ग्रामीणों ने क्षेत्र की अन्य समस्याओं से भी मंत्री को अवगत कराया, जिस पर उन्होंने अधिकारियों को शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए।



