तीन दिवसीय दौरे में दीपक बैज समेत वरिष्ठ नेताओं से करेंगे बैठक, जोगी कांग्रेस के संभावित विलय पर भी चर्चा की संभावना
रायपुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस में नई ऊर्जा देखने को मिल सकती है। पार्टी के नवनियुक्त प्रदेश प्रभारी सुखदेव भगत 27 सितंबर को रायपुर पहुंच रहे हैं। प्रभारी की कमान संभालने के बाद यह उनका पहला छत्तीसगढ़ दौरा होगा। जानकारी के मुताबिक वे लगातार तीन दिनों तक प्रदेश में रहकर संगठन को करीब से समझेंगे।
संगठन की जमीनी हकीकत टटोलेंगे प्रभारी
अपने दौरे के दौरान सुखदेव भगत पार्टी के सभी बड़े चेहरों से वन-टू-वन मुलाकात करेंगे। इसमें वरिष्ठ नेता, प्रदेश पदाधिकारी, विधायक और सभी मोर्चा-प्रकोष्ठों के अध्यक्ष शामिल हैं। बताया जा रहा है कि वे सिर्फ औपचारिक मुलाकात नहीं, बल्कि संगठन की मौजूदा स्थिति, अंदरूनी समन्वय और आने वाले कार्यक्रमों को लेकर खुला फीडबैक लेंगे।
दीपक बैज के साथ होगी अहम बैठक
दौरे का सबसे अहम हिस्सा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज और वरिष्ठ नेताओं के साथ होने वाली बैठक होगी। इसमें हाल के महीनों में हुई संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा की जाएगी। इसके अलावा मोर्चा और प्रकोष्ठों के नए पदाधिकारियों से परिचयात्मक बैठक भी होगी ताकि जिला से लेकर ब्लॉक स्तर तक की तैयारी को परखा जा सके।
जोगी कांग्रेस के विलय का मुद्दा भी गरमा सकता है
इस दौरे में एक और मुद्दा सबसे ज्यादा चर्चा में है, जोगी कांग्रेस का कांग्रेस में विलय। सूत्रों के मुताबिक रेणु जोगी और अमित जोगी की ओर से कांग्रेस में वापसी और JCCJ के विलय का प्रस्ताव दिया गया है। हालांकि अनुशासन समिति ने अभी इस पर अंतिम मुहर नहीं लगाई है। ऐसे में माना जा रहा है कि नए प्रभारी के सामने इस मुद्दे को भी रखा जाएगा और बड़ी चर्चा हो सकती है
गौरतलब है कि सुखदेव भगत को इसी सितंबर में छत्तीसगढ़ का प्रभारी बनाया गया है। वे झारखंड के लोहरदगा से सांसद रह चुके हैं और संगठन का लंबा अनुभव रखते हैं।



