सेलूद मंडल कांग्रेस ने उतई थाना प्रभारी से की FIR दर्ज कर आरोपी की गिरफ्तारी की मांग, निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई की उठाई आवाज
उतई। पूर्व मुख्यमंत्री एवं पाटन विधानसभा के विधायक भूपेश बघेल के खिलाफ सोशल मीडिया (फेसबुक) पर अभद्र और आपत्तिजनक टिप्पणी करने का मामला सामने आया है। इस घटना से आक्रोशित सेलूद मंडल कांग्रेस कमेटी और समस्त कांग्रेस परिवार ने उतई थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपकर आरोपी के खिलाफ तत्काल प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर उसे गिरफ्तार करने की मांग की है।
पुलिस प्रशासन को सौंपे गए ज्ञापन में कांग्रेस नेताओं ने कहा कि एक जनप्रतिनिधि और सार्वजनिक जीवन से जुड़ी सम्मानित हस्ती के खिलाफ सोशल मीडिया पर इस तरह की अभद्र टिप्पणी करना सामाजिक और राजनीतिक मर्यादाओं के पूरी तरह विपरीत है। इससे पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में भारी जनआक्रोश है। कांग्रेस पदाधिकारियों ने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी के विरुद्ध सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई करने का आग्रह किया है।
इस दौरान दुर्ग जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के पूर्व अध्यक्ष जवाहर वर्मा, दुर्ग मंडी बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष अश्वनी साहू, सेलूद मंडल अध्यक्ष खिलेश मारकंडे, राकेश साहू, संजय यादव, दिलीप बंछोर, देवनारायण ठाकुर, नरेश श्रीवास, आगेश्वर साहू, सुरेंद्र कुर्रे, अविनाश मिश्रा, करण धनकर, विकास साहू, जय साहू और भावेश यादव सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।



