उतई। सेलूद गांव के पास तांदुला नहर में डूबे 15 वर्षीय कबड्डी खिलाड़ी शिवम यादव का शव आखिरकार घटना के अगले दिन रविवार सुबह SDRF की टीम ने बरामद कर लिया। इस दुखद घटना के बाद से ही क्षेत्र और खिलाड़ी के परिजनों में मातम पसरा हुआ है।
रायपुर के गुढ़ियारी निवासी शिवम यादव 15 वर्ष सेलूद में आयोजित कबड्डी प्रतियोगिता में हिस्सा लेने आए थे। शनिवार सुबह करीब 10:30 बजे शिवम सेलूद के भाठापारा क्षेत्र स्थित तांदुला नहर के पास शौच के लिए गया था। नहर के किनारे हाथ-पैर धोने के दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह पानी के तेज बहाव में बहने लगा।
शिवम को बहता देख उसके साथियों ने उसे बचाने की भरसक कोशिश की, लेकिन पानी का बहाव इतना तेज था कि वह देखते ही देखते नहर में समा गया ।
लगभग 20 घंटे चला रेस्क्यू ऑपरेशन
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय सरपंच खिलेश मारकंडे ने तुरंत उतई पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को सूचित किया। इसके बाद एसडीआरएफ की टीम ने शनिवार सुबह 11:00 बजे से ही नहर में सघन तलाश अभियान शुरू किया। घंटों तक चले प्रयास के बाद रविवार सुबह करीब 6:45 बजे घटनास्थल से कुछ दूरी पर शिवम का शव बरामद किया गया। उतई थाना पुलिस ने शव को पंचनामा करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए शव को भेजेगी। पुलिस मामला दर्ज कर घटना के सभी पहलुओं की बारीकी से जांच कर रही है।



