सैकड़ों महिलाओं ने लिया तीज मिलन में हिस्सा, 200 से अधिक लोगों का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण; ताम्रध्वज साहू बोले—सेवा कार्य ही कमला देवी को सच्ची श्रद्धांजलि
दुर्ग। स्व. श्रीमती कमला देवी साहू की पुण्यतिथि के अवसर पर तहसील साहू समाज एवं परिजनों के संयुक्त तत्वावधान में तहसील स्तरीय तीज मिलन समारोह एवं निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में तहसील क्षेत्र की सैकड़ों महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ स्व. कमला देवी साहू के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। तीज मिलन समारोह में महिलाओं ने पारंपरिक तीज गीत, फुगड़ी एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से उत्सव का माहौल बना दिया।
आयोजन के दौरान मानव सेवा के उद्देश्य से निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर भी लगाया गया। शिविर में 200 से अधिक लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा जरूरतमंदों को निःशुल्क दवाइयां वितरित की गईं। शिविर में बीपी, शुगर, नेत्र परीक्षण सहित सामान्य स्वास्थ्य जांच एवं चिकित्सकीय परामर्श की सुविधा उपलब्ध कराई गई।
‘सेवा कार्य ही कमला देवी को सच्ची श्रद्धांजलि’—ताम्रध्वज साहू
विशेष अतिथि एवं पूर्व गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू ने कहा कि कमला देवी उनके जीवन की प्रेरणा थीं। उनकी स्मृति में किया गया यह सेवा कार्य उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। तीज जैसे पवित्र पर्व पर मातृशक्ति का सम्मान करना कमला देवी का हमेशा सपना रहा।
पूर्व मंत्री रमशीला साहू ने कहा कि स्व. कमला देवी साहू सरल एवं सेवाभावी महिला थीं। उनके नाम पर महिलाओं को एक मंच पर लाना और स्वास्थ्य शिविर आयोजित करना समाज की अनुकरणीय पहल है।
साहू समाज की महिला पदाधिकारी लक्ष्मी साहू ने कहा कि तीज मिलन जैसे आयोजनों से हमारी संस्कृति और परंपराएं जीवित रहती हैं। वहीं स्वास्थ्य शिविर से जरूरतमंद महिलाओं एवं ग्रामीणों को सीधा लाभ मिलता है। उन्होंने ऐसे आयोजन प्रतिवर्ष किए जाने की बात कही।
शिविर में उपस्थित चिकित्सकों ने भी ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह के स्वास्थ्य शिविरों को आवश्यक बताते हुए कहा कि बड़ी संख्या में लोगों द्वारा स्वास्थ्य जांच कराना जागरूकता का सकारात्मक संकेत है। कार्यक्रम के अंत में अतिथियों, समाज के पदाधिकारियों एवं महिलाओं के लिए सहभोज का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में समाज के संरक्षक जगदीश दीपक, डॉ. टिकम साहू, प्रीतम साहू, पुसाऊ राम साहू, खिलावन राम साहू, जागेश्वर साहू, लक्ष्मी साहू, उमाशंकर साहू, द्वारिका प्रसाद साहू, कुलदीप साहू, सुमरण साहू, द्रौपती साहू, पुनार राम साहू, सेवाराम साहू, घनश्याम सिंह साहू, भेखा राम साहू, फूलचंद साहू सहित विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।



