वार्षिक प्रतिभा एवं सेवानिवृत्त सम्मान समारोह में मेधावी विद्यार्थियों, उच्च शिक्षा के लिए चयनित युवाओं और उत्कृष्ट कार्य करने वाले समाजजनों को किया गया सम्मानित
भिलाई। छत्तीसगढ़ हल्बा आदिवासी समाज, भिलाई-दुर्ग नगर द्वारा विगत वर्षों की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए वार्षिक प्रतिभा एवं सेवानिवृत्त सम्मान समारोह का आयोजन रविवार, 13 सितंबर 2026 को हल्बा शक्ति भवन, रिसाली, भिलाई में किया गया। कार्यक्रम संस्था के अध्यक्ष मन्थीर राम खलेन्द्र की अध्यक्षता में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि श्रीमती शशि सिन्हा, महापौर, नगर पालिक निगम रिसाली रहीं। विशिष्ट अतिथियों के रूप में मनीष यादव, चंद्रभान ठाकुर एवं श्रीमती जमुना ठाकुर पार्षद, भुवन पिस्दा, अनुभागीय अधिकारी, लोक निर्माण विभाग, पूर्व अध्यक्ष एफ.आर. ठाकुर एवं भारत सिंह ठाकुर, कर्मचारी प्रकोष्ठ के महामंत्री प्रेम लाल सहारा, कोषाध्यक्ष आर.आर. ठाकुर, महाप्रबंधक पूरेन्द्र ठाकुर सहित समाज के पदाधिकारी एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे।
मां दंतेश्वरी की पूजा-अर्चना से हुआ शुभारंभ
समारोह का शुभारंभ समाज की इष्ट देवी मां दंतेश्वरी एवं समाज के महापुरुषों की पूजा-अर्चना के साथ किया गया। इसके बाद संस्था के अध्यक्ष एवं पदाधिकारियों ने अतिथियों तथा समाजजनों का स्वागत किया और अध्यक्षीय उद्बोधन दिया।
मुख्य अतिथि श्रीमती शशि सिन्हा ने सम्मानित होने वाली प्रतिभाओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि समाज की प्रतिभाएं अपनी मेहनत और लगन से आगे बढ़कर समाज का नाम रोशन कर रही हैं। उन्होंने हल्बा समाज के विकास एवं सामाजिक गतिविधियों में हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया।
उन्होंने मातृशक्तियों को तीज पर्व की शुभकामनाएं भी दीं। इस अवसर पर तीजहारिनों के लिए आयोजित करू भात (करेला) कार्यक्रम की उन्होंने समाज एवं आयोजन समिति की भूरि-भूरि प्रशंसा की। साथ ही समाज के लिए 50 कुर्सियां उपलब्ध कराने का आश्वासन भी दिया।
शिक्षा से लेकर खेल और रोजगार तक प्रतिभाओं का सम्मान
समारोह में समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट उपलब्धियां हासिल करने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। इसमें समाज गौरव सम्मान, कक्षा 10वीं एवं 12वीं में उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थी, IIT, NIT, MBBS जैसी उच्च शिक्षा के लिए चयनित विद्यार्थी, नवचयनित अधिकारी एवं कर्मचारी, खेल एवं स्वरोजगार के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली प्रतिभाएं, सेवानिवृत्त कर्मचारी तथा श्रम पुरस्कार से सम्मानित समाजजनों का सम्मान किया गया।
शिक्षा सम्मान प्राप्त करने वाली प्रतिभाओं में तन्मय ठाकुर, त्रिशाला बेलसर, भूमिका उर्वशा, आविका भोयर, याशिता भूआर्य, युगल तारम, तनु ठाकुर एवं पुष्पा नायक शामिल रहे।
वहीं उच्च शिक्षा के लिए चयनित विद्यार्थियों में याशिता भूआर्य एवं अथर्व ठाकुर (MBBS), अंकित भंडारी (MBBS) तथा गोविंद चुरेन्द्र (IIT) को सम्मानित किया गया।
नई पीढ़ी को आगे बढ़ने की मिली प्रेरणा
समारोह में समाज के वरिष्ठजनों, पदाधिकारियों, युवाओं एवं बड़ी संख्या में समाजजनों की उपस्थिति रही। आयोजन ने समाज की प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ नई पीढ़ी को शिक्षा, रोजगार, खेल और सामाजिक क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
हल्बा समाज द्वारा आयोजित यह सम्मान समारोह प्रतिभाओं की उपलब्धियों को पहचान देने के साथ-साथ समाज की एकजुटता, प्रगति और नई पीढ़ी के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक सराहनीय एवं प्रेरणादायी पहल के रूप में सामने आया।



