खैरागढ़ के झीकादाह गांव में दोपहर 2:30 बजे हादसा, सिविल अस्पताल में उपचार के दौरान 35 वर्षीय हेमंत पटेल ने तोड़ा दम जबकि दो मजदूरों की हालत स्थिर बताई गई है
खैरागढ़। खैरागढ़ के ग्राम झीकादाह में बुधवार दोपहर खेत में निंदाई का काम कर रहे मजदूरों पर आकाशीय बिजली गिरने से दर्दनाक हादसा हो गया। हादसे में एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि दो अन्य मजदूर झुलस गए। घटना दोपहर करीब 2:30 बजे की बताई जा रही है।
खेत में निंदाई के दौरान गिरी आकाशीय बिजली
मिली जानकारी के अनुसार ग्राम कालकसा निवासी हेमंत पटेल पिता गणपत पटेल (35) सहित कुछ मजदूर झीकादाह स्थित खेत में निंदाई का काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक मौसम बदला और खेत में आकाशीय बिजली गिर गई। इसकी चपेट में आने से हेमंत पटेल समेत तीन मजदूर झुलस गए। हादसे के बाद तीनों को तत्काल सिविल अस्पताल खैरागढ़ लाया गया। यहां डॉक्टरों ने जांच के बाद हेमंत पटेल को मृत घोषित कर दिया।
पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा शव
वहीं, झुलसे दो अन्य मजदूरों का अस्पताल में उपचार किया गया। उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई की। पुलिस ने शव का पंचनामा और पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। हादसे की खबर से ग्राम कालकसा में शोक का माहौल है। मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।



