सक्ती । जिले के मालखरौदा में ‘सेवा सेतु अभियान, सरकार आपके द्वार’ के तहत आयोजित शिविर में प्रशासन ने आम लोगों की समस्याएं सुनीं और कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया।
स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय में आयोजित शिविर में विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए। यहां ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ भी उपलब्ध कराया गया।
शिविर में कुल 157 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 107 आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया गया। स्वास्थ्य जांच और आयुष्मान कार्ड से लेकर पेंशन, मनरेगा जॉब कार्ड, प्रधानमंत्री आवास योजना और महिला स्व-सहायता समूहों से जुड़ी योजनाओं का लाभ हितग्राहियों को मिला।
शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे। अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण किया और लोगों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली।
प्रशासन के मुताबिक, ‘सेवा सेतु अभियान’ का मकसद सरकारी योजनाओं और सेवाओं को पात्र हितग्राहियों तक सीधे पहुंचाना और लोगों की समस्याओं का त्वरित निराकरण करना है।



