छत्तीसगढ़ के सक्ती में आयोजित ‘युवा उड़ान 2026’ कार्यक्रम में युवाओं को सफलता का मंत्र दिया गया। छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर ने कहा कि विपरीत परिस्थितियों से आगे बढ़ने पर सफलता जरूर मिलती है। उन्होंने युवाओं से असफलताओं से सीख लेकर अपने लक्ष्य की दिशा में निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया।
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम में शिक्षा, रोजगार, खेल, कौशल विकास और नवाचार के माध्यम से युवाओं की भागीदारी पर मंथन हुआ। अध्यक्ष ने पढ़ाई के साथ खेलों में उपलब्ध संभावनाओं का उल्लेख करते हुए युवाओं को अपनी प्रतिभा पहचानने और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने सोशल मीडिया के जिम्मेदार उपयोग और आधुनिक तकनीक के सकारात्मक इस्तेमाल पर भी जोर दिया। कार्यक्रम में युवाओं से सीधे संवाद कर उनके सुझाव सुने गए तथा करियर मार्गदर्शन पुस्तकों का वितरण किया गया। वहीं, विभिन्न खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित कर प्रोत्साहित किया गया।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष द्रौपती कीर्तन चंद्रा, पूर्व विधायक डॉ. खिलावन साहू, भाजपा जिलाध्यक्ष टिकेश्वर गबेल, अभिषेक शर्मा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी वासु जैन और डिप्टी कलेक्टर प्रीतेश राजपूत सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करना रहा।



