उतई। दुर्ग जिले के ग्राम बोरीगारका (पाऊवारा) में धर्म ज्योति सनातन सेवा समिति दुर्ग ग्रामीण द्वारा श्रीराम कथा का भव्यता और श्रद्धा के साथ शुभारंभ हुआ। इस पावन अवसर पर प्रसिद्ध कथावाचक आचार्य पंडित युवराज पांडेय की उपस्थिति में श्रद्धालुओं का अपार उत्साह देखने को मिला।
भव्य कलश यात्रा से हुई शुरुआत
कथा शुभारंभ से पूर्व ग्राम की अधिष्ठात्री देवी माता शीतला मंदिर से भव्य कलश यात्रा निकाली गई। इस यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर भजन-कीर्तन करते हुए भाग लिया। कलश यात्रा में लगभग 500 से 1000 श्रद्धालु शामिल हुए, जो पूरे गांव के प्रमुख मार्गों से होते हुए बोरी के खेल मैदान स्थित कथा स्थल पहुंचे। इस दौरान ढोल-नगाड़ों की धुन पर श्रद्धालु नाचते-गाते नजर आए। “जय श्री राम” के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
विधि-विधान से हुआ पूजन
कलश यात्रा के पश्चात विशाल पंडाल में वेदी पूजन और व्यास पीठ पूजन विधि-विधान से संपन्न हुआ। इसके बाद आचार्य पंडित श्री युवराज पांडेय जी ने श्रीराम कथा का विधिवत शुभारंभ किया।
आचार्य युवराज पांडेय का भव्य स्वागत
कथावाचक पंडित युवराज पांडेय के आगमन पर ग्रामवासियों ने फूल-मालाओं से उनका भव्य स्वागत किया तथा आतिशबाजी भी की गई। इस अवसर पर प्रदेश के पूर्व गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू ने माला पहनाकर आचार्य का स्वागत-सम्मान किया।
पूरे आयोजन में ग्रामवासियों का उत्साह और भक्ति देखते ही बन रहा था। यह धार्मिक आयोजन न केवल आध्यात्मिक रूप से बल्कि सांस्कृतिक रूप से भी ग्राम को समृद्ध कर रहा है। कथा 4 अक्टूबर तक प्रतिदिन आयोजित होगी। इस अवसर पर जनपद उपाध्यक्ष राकेश हिरवानी, कमलेश गजपाल, योगनारायण गजपाल, वेदनारायण साहू, रामसिंह सोनबोइर, सरपंच बोरीगारका चुम्मन यादव, जागेश्वर साहू, राजेश साहू, गिरीश साहू, दुस्यंत साहू, दुलरवा सोनबेर, कुलेश्वर जांगड़े सहित समिति के सदस्य गण उपस्थित थे।



