रायगढ़ में कॉलेज प्रोफेसर के अपहरण की सनसनीखेज वारदात ने पुलिस महकमे में हड़कंप मचा दिया। पुसौर थाना क्षेत्र के ग्राम जकेला में इवनिंग वॉक पर निकले 49 वर्षीय प्रोफेसर कपुरचंद गुप्ता को चार आरोपियों ने रास्ते से अगवा कर लिया। आरोपियों ने प्रोफेसर की आंखों पर पट्टी बांधी और चाकू की नोक पर जान से मारने की धमकी देते हुए उन्हें मोटरसाइकिल से भूपदेवपुर थाना क्षेत्र के पंडरीपानी ले गए।
यहां आरोपियों ने मारपीट कर प्रोफेसर से मोबाइल का पासवर्ड, Google Pay और BHIM App की जानकारी हासिल की। इसके बाद एक महिला के QR कोड पर प्रोफेसर के खाते से करीब एक लाख रुपये ट्रांसफर करा लिए गए। इतना ही नहीं, परिजनों को गुमराह करने के लिए प्रोफेसर से फोन पर खुद के सकुशल होने की बात भी कहलवाई गई।
इधर परिजनों को शक हुआ तो उन्होंने पंडरीपानी पहुंचकर पुलिस को सूचना दी। पुसौर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए प्रोफेसर को सकुशल रेस्क्यू कर लिया। घटना के महज 24 घंटे के भीतर एक आरोपी सुनील सारथी को हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने ट्रांसफर की गई पूरी रकम भी सुरक्षित करा ली है, जबकि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।



