कर्मा सामुदायिक भवन में खेलकूद, व्यंजन प्रतियोगिता व समूह नृत्य ने बांधा समां; पूर्व मंत्री रमशीला साहू ने कहा—तीज पर्व प्रेम, सौहार्द और हमारी समृद्ध परंपराओं का प्रतीक
उतई। नगर साहू समाज के तत्वावधान में तीजा परब मिलन समारोह का आयोजन कर्मा सामुदायिक भवन उतई में किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री रमशीला साहू थी। अध्यक्षता नगर साहू समाज की उपाध्यक्ष सुनीति साहू ने की। विशेष अतिथि नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सरस्वती साहू, तहसील महिला साहू संघ की उपाध्यक्ष श्रीमती लक्ष्मी साहू, परिक्षेत्रीय साहू संघ की उपाध्यक्ष भुनेश्वरी साहू, पार्षद विजयलक्ष्मी साहू, छग की लोकप्रिय लोकगायिका पायल साहू थी।
कार्यक्रम का शुभारंभ भक्त माता कर्मा की पूजा से हुई। पश्चात तीजा उत्सव ,खेलकुद ,व्यंजन की बगिया व समूह नृत्य सहित विभिन्न गतिविधियों का आयोजन हुआ। नगर साहू समाज के अध्यक्ष किशोर साहू ने स्वागत भाषण दिया।
कार्यक्रम में पूर्व मंत्री रमशीला साहू ने कहा कि यह पर्व भारतीय संस्कृति की गहराई और परिवार में प्रेम, सौहार्द तथा एकता का संदेश देता है। तीज पर्व विशेष रूप से नारी शक्ति का पर्व है। यह त्योहार हमें यह स्मरण कराता है कि किस प्रकार माता पार्वती ने कठिन तपस्या करके भगवान शिव को अपने पति रूप में प्राप्त किया। उसी भक्ति, विश्वास और प्रेम का प्रतीक यह तीज पर्व है।
अध्यक्षीय उदबोधन में सुनीति साहू ने कहा कि तीज पर महिलाएँ व्रत रखती हैं, गीत-संगीत और नृत्य के माध्यम से अपनी खुशी व्यक्त करती हैं। झूले झूलना, मेहंदी रचाना और पारंपरिक परिधान पहनना इस पर्व की विशेषताएँ हैं। तीज केवल धार्मिक आस्था ही नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता का भी अवसर है। यह पर्व हमें अपनी परंपराओं और मूल्यों से जोड़ता है।
नगर पंचायत अध्यक्ष सरस्वती साहू ने कहा कि तीज पर्व हमें त्याग, समर्पण और सच्चे प्रेम का संदेश देता है। हम सभी इस उत्सव को हर्ष और उमंग के साथ मनाएँ और अपनी आने वाली पीढ़ी को भी हमारी इन सुंदर परंपराओं से जोड़ें। हम सब एक साथ मिलकर अपने रिश्तों को और प्रगाढ़ करें, समाज में भाईचारे और अपनत्व की भावना को मजबूत करें। अंत मे महिला प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम का संचालन शीला साहू ने किया।
इस दौरान श्रीमती सुनीता साहू, श्रीमती सरस्वती साहू, श्रीमती सुशील साहू, श्रीमती लक्ष्मी हिरवानी, श्रीमती विजय लक्ष्मी साहू, शकुंतला साहू, प्रभा साहू, टिकेश्वरी साहू, कुंती साहू, श्रीमती वंदना साहू, पायल साहू, रामेश्वरी साहू, राधिका हिरवानी, किशोर साहू, खूबीराम साहू, गिरीश साहू, खिलावन साहू, कुशल साहू, भावेश साहू, द्वारिका साहू, ऋषि साहू, कृष्णा साहू, डिकेन्द्र हिरवानी, बृजमोहन साहू, लक्ष्मण साहू, यज्ञ साहू, शीला साहू, उशलेखा साहू, लीलावती साहू, टेश्वरी साहू, पूनम हिरवानी, कुँवर बाई सहित सैकड़ों महिलाए उपस्थित थी।



