लगातार बारिश के चलते राजधानी रायपुर के चारों ओर समस्याओं का अंबार लग गया है। महादेव घाट पर नदी का पानी पुल के ऊपर बह रहा है, जिससे रास्ता बंद हो गया है
रायपुर। राजधानी रायपुर में लगातार हो रही बारिश के बाद खारून नदी का पानी महादेव घाट पुल के ऊपर से बह रहा है। आसपास के इलाके जलमग्न हो गए हैं। वहीं महादेव घाट से पाटन जाने वाला पुल बंद हो गया है। इधर रायपुर शहर में उफनती नाली में डूबकर एक बालक की मौत हो गई है। आठ साल के बच्चे का शव पुलिस ने बरामद कर लिया है।
लालपुर फल मंडी में भरा पानी
बच्चे के नाली में बहने की घटना टिकरापारा क्षेत्र की है। वहीं लगातार हो रही बारिश के बाद लालपुर इलाके में स्थित फल मंडी में पानी घुस गया है। वहीं राजधानी के आस पास के गांवों में धान की फसल को भारी नुकसान पहुंचा है। आरंग, निसदा, पारागांव, चंपारण, राजिम तक खेत जलमग्न हो गए हैं। इससे फल, सब्जी के साथ धान की फसल को भी भारी नुकसान पहुंचा है।
टाटीबंध से कुम्हारी के बीच लगा 2 किमी लंबा जाम
इधर लगातार बारिश और गंगरेल बांध से पानी छोड़े जाने के चलते महानदी किनारे के कई गांवों की सड़कें जलमग्न हो गई हैं। जिसके चलते कई गांवों का संपर्क टूट गया है। रायपुर के टाटीबंध क्षेत्र से कुम्हारी मार्ग पर 2 किलोमीटर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया है। टाटीबंध- दुर्ग मार्ग पर पानी भरने के कारण ट्रैफिक जाम हो गया है।



