रायगढ़ दौरे पर पहुंचे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने खेल और धर्मांतरण के मुद्दे पर अहम बयान दिया है। अंतरराष्ट्रीय महिला क्रिकेट मुकाबले को लेकर मुख्यमंत्री ने खुशी जाहिर करते हुए इसे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व और सम्मान का विषय बताया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अंतरराष्ट्रीय स्तर के क्रिकेट आयोजन से छत्तीसगढ़ की पहचान को नई मजबूती मिलेगी। इससे राज्य में खेल गतिविधियों को प्रोत्साहन मिलने के साथ ही खिलाड़ियों का उत्साह भी बढ़ेगा।
वहीं, धर्मांतरण और आरक्षण के मुद्दे पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले को मुख्यमंत्री ने स्वागत योग्य बताया। उन्होंने अवैध धर्मांतरण पर रोक लगाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
आपको बता दें कि सुप्रीम कोर्ट ने धर्म परिवर्तन के बाद आरक्षण की पात्रता से जुड़े मामले में फैसला सुनाया है। अदालत के अनुसार, केवल इस्लाम अपनाने से पिछड़ा वर्ग का आरक्षण स्वतः प्राप्त नहीं हो जाता। इस फैसले को लेकर धर्मांतरण, सामाजिक पहचान और आरक्षण की कानूनी पात्रता पर चर्चा तेज हो सकती है।
रायगढ़ से मुख्यमंत्री के इन दोनों बयानों में जहां खेल के जरिए छत्तीसगढ़ की पहचान मजबूत करने का संदेश है, वहीं धर्मांतरण और आरक्षण के मुद्दे पर कानूनी प्रावधानों के पालन पर जोर दिखाई देता है।



