48 घंटे में पुलिस की कार्रवाई, ₹99,100 नकद बरामद; वारदात में प्रयुक्त बाइक, चाकू और मोबाइल जब्त
रायगढ़, छत्तीसगढ़। जिले के पुसौर थाना क्षेत्र में डिग्री कॉलेज के प्रोफेसर कपूर चंद गुप्ता के अपहरण और लूट के मामले में रायगढ़ पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले का खुलासा किया।
पुलिस के अनुसार, 5 अक्टूबर 2026 को ग्राम जकेला में इवनिंग वॉक के दौरान प्रोफेसर को आरोपियों ने कथित तौर पर अगवा कर बंधक बना लिया। चाकू की नोक पर उन्हें धमकाकर मोबाइल, Google Pay और BHIM UPI के पासवर्ड हासिल किए गए। इसके बाद QR कोड के माध्यम से अलग-अलग लेन-देन कर रकम ट्रांसफर कराई गई।
आरोपियों ने पीड़ित को भूपदेवपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पंडरीपानी स्थित एक मकान में बंधक बनाकर रखा था। परिजनों को संदेह होने पर वे तलाश करते हुए मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी फरार हो गए। पुलिस ने प्रोफेसर को सकुशल मुक्त कराया।
पुलिस ने पहले सुनील सारथी को गिरफ्तार किया। पूछताछ और आगे की कार्रवाई के आधार पर राजेंद्र कुमार महंत उर्फ प्रदीप महंत, नरेंद्र उर्फ नंदू महंत तथा दिनेश सारथी को भी गिरफ्तार किया गया। आरोपियों की निशानदेही पर कुल ₹99,100 नकद, मोटरसाइकिल, चाकू और मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने नौकरीपेशा प्रोफेसर को आसान निशाना समझकर वारदात की योजना बनाई थी। मामले में आगे की विवेचना जारी है और आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
नव प्रभात न्यूज़ नेटवर्क | देश की नज़र



